February 21, 2025

करीब 700 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं पर आगामी एक माह में काम शुरू हो जाएगा : मुख्यमंत्री मनोहरलाल

0
DSC_0214
Spread the love

Faridabad News, 30 Dec 2018 : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि फरीदाबाद औद्योगिक नगरी के पुराने स्वरूप को फिर से बहाल किया जा रहा है। करीब 700 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं पर आगामी एक माह में काम शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री रविवार को सेक्टर-12 के हुडा ग्राउंड में फरीदाबाद से विधायक व उद्योग मंत्री हरियाणा विपुल गोयल द्वारा आयोजित शंखनाद रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में उमड़े भारी जनसमूह से मुख्यमंत्री व उद्योग मंत्री भी गदगद नजर आए। इस रैली का शंखनाद भी शंख की ध्वनि के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के आधुनिकीकरण व सौंदर्यकरण की 115 करोड़ रुपए की परियोजना का भी शिलान्यास किया तथा फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये, सेक्टर-12 में बहुमंजिला पार्किंग व खेल स्टेडियम में स्वींमिंग पुल के लिए 47 करोड़ रुपये तथा फरीदाबाद व गुरुग्राम महानगरों के बीच मैट्रो लाइन बिछाने की भी घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की पहचान औद्योगिक नगरी के रूप में रही है। पिछली सरकारों ने इस औद्योगिक नगरी की बहुत अनदेखी की, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने इस औद्योगिक नगरी के पुराने स्वरूप को बहाल करने का प्रयास किया है। फरीदाबाद का वर्ष-2031 का जो विकास प्लान तैयार किया गया है, इसके तहत इस नगरी में 143 सेक्टर विकसित किए जाएंगे, जोकि गुरुग्राम के 115 सेक्टर से काफी अधिक हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत 160 करोड़ रुपये की लागत से शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित रह सके। शहर की सभी सडक़ों का 245 करोड़ रुपये की लागत से सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। शहर की बिजली की तार भी भूमिगत की जाएंगी, जिस पर 150 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। बडख़ल सडक़ को 42 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ा करने का कार्य किया जाएगा। इसी प्रकार नोएडा से सडक़ कनैक्टिवीटी सरल बनाने के लिए यमुना नदी पर गांव मंझावली के पास पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसके बनने से नोएडा का सफर महज 15 मिनट का हो जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद में पुलिस रिहायशी परिसर में 65 करोड़ रुपये की लागत से 384 मकान बनाए गए हैं। फरीदाबाद-दिल्ली मैट्रो लाइन का मुजेसर से बल्लभगढ़ तक 580 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विकास के लिए जब भी कोई नई मांग उनके सामने आएगी, उसे तुरंत पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उद्योग मंत्री की मोबाइल एप भी लॉच की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी को कम करने के लिए युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा, जिसके लिए दुधौला में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। इसी प्रकार उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को घरेलू गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं तथा 25 जनवरी 2019 के बाद प्रदेश में ऐसा कोई परिवार नहीं बचेगा, जिसके पास घरेलू गैस कनैक्शन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने चार साल के कार्यकाल में व्यवस्था परिवर्तन पर कार्य किया है। आज लोगों को घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। अभी हाल ही में प्रदेश में पांच नगर निगमों के चुनाव हुए, जहां लोगों ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर मोहर लगाते हुए भाजपा के उम्मीदवार विजयी बनाए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विपक्ष नाम की चीज नहीं हैं और सभी पार्टियां में दलदल की तरह बन चुकी हैं। जनता भी उनके झूठे वायदों को पहचान गई है।

शंखनाद रैली के आयोजक व उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री हरियाणा विपुल गोयल ने कहा कि इस रैली से मुख्यमंत्री वर्ष 2019 का शंखनाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास की गति पर दौड़ रहा है। आज इस रैली में भारी संख्या में किसान, व्यापारी, खिलाड़ी, महिलाओं व युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में नई उद्योग नीति बनाई, जिसके कारण इज ऑफ डुईंग बिजनेस में प्रदेश देश में चौदहवें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। फरीदाबाद एक बड़ा औद्योगिक हब है। पाकिस्तान की धरती पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने जो बुलेटप्रुफ जैकेट पहनी थी, वह जैकेट फरीदाबाद में ही बनी थी। इसरो द्वारा अंतरिक्ष में जो मंगलयान उपग्रह छोड़े गए थे, उसके अधिकतम पाट्ïर्स इसी नगरी में तैयार हुए थे। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के आधुनिकीकरण व सौंदर्यकरण का आज मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया है, जिसका कार्य आगामी एक वर्ष में पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच होंगे तथा फरीदाबाद विश्व के नक्शे पर चमकना शुरू हो जाएगा। करीब 22.5 एकड़ में बने इस स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की क्षमता 25 हजार से बढक़र 40 हजार हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने किसानों की दशा व दिशा सुधारने का कार्य किया। किसानों के लाभ के लिए फसल बीमा योजना व भावांतर भरपाई जैसी योजनाएं शुरू की हैं। आज गऊ माता की रक्षा व सुरक्षा की योजना भी सरकार ने बनाई है।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि सरकार ने किसानों, ग्रामीणों के लिए अनेक योजनाएं बनाई है। स्वच्छता योजना में हरियाणा का ग्रामीण क्षेत्र प्रथम स्थान पर रहा है। आज किसानों को लॉटरी के माध्यम से ट्रेक्टर व मोटरसाइकिल वितरित की जा रही हैं। आगामी वर्ष 2019 में 22 जिलों में प्रत्येक जिला को 4 ट्रेक्टर के हिसाब से 88 ट्रेक्टर किसानों को दिए जाएंगे तथा आढ़तियों व मार्किट कमेटी के कर्मचारियों को भी ईनाम दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में खप्त को देखते हुए यहां पर दूध, फल, सब्जी, व फूलों की मंडी विकसित की जा रही हैं, ताकि किसानों को अच्छी आमदनी मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 6 हजार 500 गांवों में गौरव-पट्ट बनाए जा रहे हैं, जिस पर गांवों के शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों व गौरवशाली विभुतियों के नाम अंकित किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढिय़ां उनकी गौरवशाली गाथा के बारे में जान सकें।

उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। आज के ही दिन वर्ष 1943 में नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने अंडेमान-निकोबार द्वीप समूह को अंग्रेजों से आजाद कराकर वहां तिरंगा झंडा फहराया था।

इससे पहले विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक टेकचंद शर्मा, विधायक नगेंद्र भड़ाना ने भी अपने विचार रखे। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का रैली में पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा नेता अमन गोयल व अन्य ने बड़ी पुष्प माला व पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी रैली के आयोजक विपुल गोयल को शॉल भेट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संजय सिंह, उपायुक्त अतुल कुमार द्विवेदी, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, भूमि सुधार आयोग के चेयरमैन अजय गौड, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला, नीरा तोमर, नयनपाल रावत, राजेश नागर, नरेंद्र गुप्ता, गार्गी कक्कड़, बिजेंद्र नेहरा, क्रिकेटर चेतन शर्मा, सुरेंद्र खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *