February 21, 2025

CM मनोहर लाल ने किया 50 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

0
23
Spread the love

Chandigarh News : संसद के दोनों सदनों में बहुमत प्राप्त होने के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब, युवा और आम आदमी के हक में ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे। आगामी 15 मार्च तक हरियाणा प्रदेश की राज्यसभा सीटों का चुनाव संपन्न हो जाएगा। आज देश के उत्तर-पूर्वी सहित 80 प्रतिशत क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का शासन है। भाजपा ने देश को लगभग कांग्रेस से मुक्त कर दिया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कस्बा ढिग़ावा मंडी में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल द्वारा आयोजित सम्मान रैली के रूप में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ये शब्द कहे। उन्होंने मंच से खुला ऐलान किया कि लोहारू क्षेत्र की नहरों में पानी अब रूकेगा नहीं। इस इलाके में करीब 30 साल के बाद नहरों की टेल तक पानी आया है, जो कि यहां के रेतीले इलाके में खेती करने वाले मेहनतकश किसानों के लिए वरदान से कम नहीं है। जेपी दलाल द्वारा हलके के विकास के लिए रखी गई मांगों को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने साढ़े दस करोड़ रुपए की लागत से राजस्थान की सीमा के साथ लगते हुए गांवों में सडक़ों को पुनर्निर्माण करवाने की घोषणा की। उन्होंने जनसभा को संबोधित करने से पहले अनुमानत: 50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो चुकी और नई बनने वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इनमें से 12 परियोजनाएं बिजली, पानी व शिक्षा से संबंधित हैं। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश का सम्मान विकास किया जा रहा है। नौकरियों में पारदर्शिता व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाते हुए वर्तमान सरकार ने पूर्णत: सुशासन की स्थापना की है। राज्य सरकार ने प्रदेश के कुल एक लाख करोड़ रुपए के बजट में से 85 हजार करोड़ रुपए में सभी विकास योजनाओं व आवश्यक खर्च को पूरा कर लिया है तथा पहली बार 15 हजार करोड़ रुपए की सरकार द्वारा बचत की गई है। यह राशि जनता के खून-पसीने की कमाई है और इसको विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। पिछली सरकारों के समय बचत तो दूर की बात, सार्वजनिक धन राशि का जमकर दुरुपयोग किया जाता था।

उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र में वह पांचवी बार आए हैं। इस क्षेत्र में उनके द्वारा घोषित 100 से अधिक घोषणाओं पर सैंकड़ों करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है। आने वाले दिनों मेंं भी विकास का यह दौर बदस्तूर जारी रहेगा। उन्होंने लोहारू को धरती पुत्रों का इलाका बताते हुए कहा कि प्रदेश के अन्न उत्पादन और देश की रक्षा सेवाओं में यहां के नौ जवानों का अहम योगदान है। पहले नहरी पानी की आपूर्ति के मामले में लोहारू के साथ भेदभाव की नीति अपनाई जाती रही। कुछ नेता स्वार्थवश यहां के हिस्से के पानी को अपने क्षेत्र में रोक लिया करते थे। हमारा संकल्प है कि भविष्य में भी लोहारू की नहरों में पानी की आपूर्ति बंद नहीं होगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बिजली बिलों की अदायगी के बाद प्रदेश की विद्युत आपूर्ति कंपनियों का घाटा 35 प्रतिशत से घटकर अब 22 प्रतिशत रह गया है। जिस क्षेत्र में लाइन लॉस 20 प्रतिशत से कम है, वहां 24 घंटे बिजली दी जा रही है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इस योजना के तहत किसानों को 20 हजार रुपए की प्रति एकड़ की दर तक मुआवजा दिया जा रहा है। जनसभा में मख्ुयमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से वंचित महिलाओं को 48 घंटों में गैस का सिलेंडर दिलवाने के जिला प्रशासन को आदेश दिए।

मनोहर लाल ने कहा कि 15 मार्च तक राज्य सभा सीटों का चुनाव होने के बाद केंद्र के दोनों सदनों में पार्टी का बहुमत होगा और देशहित में प्रधानमंत्री द्वारा ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे। भाजपा का वर्चस्व तेजी से कल्याणकारी व जनहितैषी नीतियों की बदौलत बढ़ता जा रहा है। कर्नाटक में भी निश्चित रूप से पार्टी की जीत होगी।

सम्मान रैली को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री समय की परवाह न करते हुए दिन-रात हरियाणा की भलाई के लिए काम कर रहे हैं। प्रदेश में पहली बाद मेरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सतलुज यमुना लिंक नहर का मामला सर्वोच्च न्यायालय में है और इसका फैसला हरियाणा के हक में हो चुका है। केवल फैसले को क्रियान्वित करने की प्रक्रिया बाकी है। ऐसे समय में विपक्षी पार्टियों का जलयुद्ध बेमानी साबित हो रहा है। केवल राजनीति लाभ उठाने की ये कौशिशें जनता कामयाब नहीं होने देगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 15 मार्च के बाद सरसों की सरकारी खरीद शुरु हो जाएगी।

कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा निकाली जा रही जनक्रांति यात्रा महज एक भ्रांति यात्रा है और कांग्रेस पार्टी के लिए यह बगावत का संकेत है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसलों में 50 प्रतिशत मुनाफा जोडक़र किसान के अनाज की सरकार द्वारा खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी को वहन करने वाले सरकार है। हरियाणा के 140 खंडों में सिंचाई के सौर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। ऐसे 14 प्रोजेक्ट प्रदेश में शुरु हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पिछले साढ़े तीन सालों में एक हजार करोड़ रुपए सालाना के हिसाब से किसानों कोअब तक का सबसे अधिक मुआवजा दिया है।

रैली के संयोजक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि श्री मनोहर लाल पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने लोहारू की सूखी धरती की सुध ली है और यहां पानी पहुंचाया है। लोहारू की जनता तहेदिल से मुख्यमंत्री का सम्मान करती है। उन्होंने रैली में दो बार आम जनता से हाथ खड़े करवाकर मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास व्यक्त करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संसाधनों और विकास का समान बंटवारा हो रहा है, जिसका लाभ लोहारू को भी मिला है। रैली में पशुधन विकास बोर्ड के चेयमरैन ऋषि प्रकाश श्र्माा, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, सोमवीर सांगवान, मुकेश गौड़, मनीष मित्तल, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया, रामकिशन शर्मा ने भी अपने विचार रखे।

ढिग़ावा विश्राम गृह में मीडिया-कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का आने वाला बजट आम जनता के हित में होगा। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा का प्रसार तेजी से बढ़ रहा है। देश की जनता को विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर देशहित में फैसले रहे हैं। विधानसभा सत्र शुरु होने के बाद राज्यसभा के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ होगी। राज्यसभा में भाजपा का बहुमत होते ही और भी जनहित कारी बड़े फैसले केंद्र सरकार द्वारा लिए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *