निगम के कर्मचारियों ने किया झाडू प्रदर्शन

Faridabad News, 04 Jan 2020 : नगर निगम कर्मचारियों ने आज दूसरे दिन भी हाथों में झाडू लेकर नगर निगम मुख्यालय बीके चौक से नीलम चौक तक जोरदार झाडू प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने सरकार को दी चेतावनी कि मानी गई मांगों को लागू करने एवं मांग पत्र पर वार्ता नहीं की तो नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा राज्यव्यापी आन्दोलन करेगा। झाडू प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने की। जबकि मंच का संचालन सचिव सोमपाल झिझोटिया ने किया।
आज के प्रदर्शन का नेतृत्व सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान सुभाष लाम्बा, नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, उपमहासचिव सुनील चिण्डालिया, सुभाष फेटमार, नपा कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान गुरचरण खाण्डिया, श्रीनंद ढकोलिया, नानकचंद खैरालिया, वेदभड़ाना, रविन्द्र आदि कर रहे थे। इससे पहले कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय पर एक विशाल सभा का आयोजन भी किया।
कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान सुभाष लाम्बा व नपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने 8 जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में प्रदेश के सरकारी, अर्ध सरकारी, निगम, बोर्ड, कार्पोरेशन, अध्यापक, केन्द्रीय परियोजनाओं में काम करने वाले वर्कर, यूनिवर्सिटीज, पालिका, परिषदों व नगर निगम के लाखों कर्मचारी भाग लेकर कामकाज ठप करेगें। उन्होंने कहा कि सरकार स्वदेशी का ढोंग करती है, लेकिन नगर निगम फरीदाबाद में चाईनीज ईको ग्रीन कम्पनी द्वारा अगस्त में नौकरी से निकाले गए ड्राईवरों, हैल्परों व सुपरवाईजरों को फैसला होने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लिया गया है। सरकार सुशासन का नारा दे रही है। जबकि ठेकाप्रथा, आऊटसोर्सिंग में लगे कर्मचारियों को ठेकेदार आर्थिक, मानसिक, शारीरिक शोषण कर रहे है। उन्होंने मांग की है कि ठेकाप्रथा में कार्यरत कर्मचारी के ईपीएफ, ईएसआईसी के घोटाले जांच विजीलैंस से करवाई जाए। यह सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा।
श्री शास्त्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सरकार अनुबंधित आधार पर लगे सफाई कर्मचारियों, अग्निशमन विभाग, मार्किट कमेटी व पालिकाओं के फायरमैनों व ड्राईवरों की सेक्शन रिन्यूवल करने व पालिका, परिषदों व नगर निगम के कर्मचारियों के मांग पत्र पर सरकार ने विचार नहीं किया तो संघ 15 जनवरी को रोहतक में राज्य स्तरीय महिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर आन्दोलन की योजना बनाएगें।
आज के झाडू प्रदर्शन को अन्य के अलावा कर्मी नेता नानक चौधरी, जगनी खैरालिया, रनजीत चिण्डालिया, वीरेन्द्र भण्डारी, महेन्द्र कुण्डिया, प्रेमपाल, बल्लू चिण्डालिया, जसबीर चौहान, विजय चावला, धर्मसिंह मुल्ला, रामजीलाल, दान सिंह, दर्शन सिंह सोया, महिला नेता कमलेश, वीना, सुनीता, कविता, रामवती सारन, शकुन्तला, सुलोचना आदि ने भी सम्बोधित किया।