कृष्णपाल गुर्जर ने स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया

Faridabad News, 15 Sep 2018 : केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शनिवार को ओल्ड फरीदाबाद के सैक्टर-28-29 चैक पर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया तथा स्वयं सफाई कर्मियों के साथ मिलकर श्रमदान किया।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि साफ-सफाई जीवन का अभिन्न अंग है। अनेक रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ हमें प्रतिदिन अपने आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई करनी चाहिए। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि वे सफाई कर्मियों को पूरा मान-सम्मान दें। क्योंकि जो काम वे कर रहे हैं वह बहुत ही महत्वपूर्ण व कठिन कार्य है। उन्होंने इस अवसर पर सफाई कर्मियों की हौसला अफजाई की और उनके काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही शहर साफ-सुथरा बन पा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 सितम्बर से 2 अक्तूबर-2018 तक पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत जिला में सफाई से सम्बन्धित अनेक गतिविधियां तथा लोगों को कचरा प्रबन्धन के बारे में भी जानकारी दी जायेगी।
इस अवसर पर भूमि सुधार आयोग के चेयरमैन अजय गौड़, नगर निगम की महापौर सुमन बाला तथा मुकेश डागर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।