February 22, 2025

BHU बवाल, छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध करने पर राज बब्बर हिरासत में

0
2
Spread the love

Varanasi News : कुछ घंटों की शांति के बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू.)में फिर बवाल मच गया है। बीती रात की हिंसक घटनाओं के बाद परिसर शांति बहाली की ओर बढ़ ही रहा था कि रविवार दोपहर अचानक परिसर का माहौल एकाएक गर्म हो गया। दोपहर 12 बजे ब्रोचा छात्रावास के सामने से गुजर रहे असमाजिक तत्वों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी गई, जिसके बाद एल.डी. गैस्ट हाऊस चौराहे पर शांति मार्च निकाल रही छात्राओं पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया।
                 
इससे पूरे प्रकरण पर एक बार फिर से बवाल मच गया। उधर पूरे मामले पर सी.एम. योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने वाराणसी के कमिश्नर से बी.एच.यू. के पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। कयास लगाए जा रहे है कि जल्द ही कई बड़े अफसरों पर कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच बी.एच.यू. आ रहे कांग्रेस यू.पी. अध्यक्ष राज बब्बर को उनके 25 समर्थकों सहित गिलट बाजार चौकी पर हिरासत में लिया गया।
                 
उल्लेखनीय है कि बी.एच.यू.में बृहस्पतिवार को हुई कथित छेड़खानी के विरोध में धरना प्रदर्शन  के  बाद बीती रात कुलपति आवास के पास पहुंचे छात्र और छात्राओं पर विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कुछ विद्यार्थी,पत्रकार व अन्य कई लोग घायल हो गए। छात्राओं का कहना है कि पुलिस ने उन पर भी लाठीचार्ज किया है। इसके बाद छात्रों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। सभी विद्यार्थी संस्थान में बृहस्पतिवार को हुई कथित छेड़खानी के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे थे।

दिखा भाजपा का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ वाला रूप: राहुल
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बी.एच.यू.) की छात्राओं पर लाठीचार्ज पर ट्वीट किया, ‘बी.एच.यू. में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का भाजपा वाला रूप।’ उन्होंने इस ट्वीट के साथ वह वीडियो लिंक शेयर किया जिसमें छात्राओं ने परिसर में पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें कथित रूप से पीटे जाने का आरोप लगाया।
                 
विश्वविद्यालय 2 अक्तूबर तक बंद
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि कुलपति ने हालात के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय को 2 अक्तूबर तक बंद रखने का ऐलान किया है। उन्होंने घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया है।

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *