परंपराओं को भी आगे बढ़ाता है तीज का त्योहार: जगजीत कौर

Faridabad News : जवाहर कॉलोनी स्थित सनातन धर्मशाला में तीज मिलन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास से मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कुमारी जगजीत कौर पन्नू द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर गुरु नानक सीनियर सैकेंडरी स्कूल अध्यापिकाओं ने पंजाबी गीतों पर खूब गिद्दा किया और इसी स्कूल के बच्चों ने राजस्थानी लोक गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर पूरे समारोह में चार चांद लगा दिए। इस मौके पर रंग-बिरंगे परिधान पहन महिलाओं ने झूला झूलकर हरियाली तीज की परंपरा को निभाया। कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि तीज पर्व प्रदेश का अनूठा पर्व है। इस पर्व का नाम आते ही महिलाओं के चेहरे पर रौनक आ जाती है। हरियाणा प्रदेश में त्योहारों के मनाने की अनूठी एवं निराली परंपरा है। तीज भी एक ऐसा त्योहार है, जो सामाजिक रिश्तों को मजबूती देने के अलावा परंपराओं को भी आगे बढ़ाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर तीज के गानों पर खूब डांस किया।
इस मौके पर आकाश शर्मा प्रधानाचार्य गुरु नानक सीनियर सैकेंडरी स्कूल की अध्यापिकाएं रीना चावला, पूजा अदलक्खा, नीतू, गीता चोपड़ा, हर कमलजीत सिंह पन्नू, बलविन्द्र शर्मा व सुधीर राघव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।